मृतक महिला राम कुंवारा की फाइल फोटो
महसी (बहराइच)। हरदी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत एरिया नई बस्ती निवासी कुछ लोग एक महिला के घर की दीवार से सटा कर केबल निकाल रहे थे। जिसका महिला ने विरोध किया तो उन्होंने उनकी पिटाई कर दी। पिटाई में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने छह लोगों पर गैर इरादतन हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रामकुंवारा (55) मंगलवार की रात घर पर बैठी थीं। इस दौरान गांव निवासी उत्तम, राहुल, गौतम, शालिनी, गुलशन व एक अज्ञात उनके घर के पास से सौर ऊर्जा के केबल निकालने लगे। आरोप है कि वे रामकुंवार के दीवार से सटा कर केबल निकाल रहे थे और उनकी दीवार पर चढ़ कर पुवाल गिरा रहे थे। जिसपर महिला ने कड़ा विरोध किया। इससे गुस्साए दूसरे पक्ष के लोगों ने उनपर हमला बोल दिया। उनकी पिटाई से रामकुंवारा की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका के पति सांवली प्रसाद ने आरोप लगाया कि पिटाई के साथ उनकी पत्नी की गला दबाकर हत्या की गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना के बाद से मौके पर तनाव की स्थिति बनी हुई है। थाना प्रभारी हरदी संतोष कुमार सरोज ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी उत्तम, राहुल, गौतम, शालिनी, गुलशन व एक अज्ञात पर मारपीट, गैर इरादतन हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।
,