बहराइच में यातायात पुलिस द्वारा पकड़ा गया वाहन पर फर्जी हूटर व लालबत्ती लगाए युवक।
बहराइच। आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होने बाद भी कुछ लोग वाहन पर फर्जी लाल-नीली बत्ती व हूटर लगाकर रौब गांठने से पीछे नहीं हट रहे। ऐसे ही एक युवक पर बुधवार को यातायात पुलिस ने धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करवा कर और वाहन को सीज कर दिया। यही नहीं पुलिस ने युवक का 151 के अंतर्गत चालान भी कर दिया।
यातायात प्रभारी अनेंद्र यादव बुधवार को टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान बहराइच-लखनऊ राजमार्ग पर बंजारी मोड़ के पास एक एसयूवी लाल-नीली बत्ती लगी और हूटर बजाते हुए आती दिखी। वाहन के शीशों पर काली फिल्म लगी थी और वाहन पर भारत सरकार के लोगो के साथ मिनिस्ट्री ऑफ यूथ अफेयर एवं स्पोर्ट लिखा स्टीकर भी चस्पा था। संदिग्ध प्रतीत होने पर यातायात की टीम ने वाहन को रोका और चालक से पूछतांछ की। लेकिन चालक कोतवाली देहात के सरस्वती नगर निवासी तौकीर अहमद कोई जवाब नहीं दे सका। उससे वाहन पर लगे लोगो व लाल बत्ती आदि के संबंध में प्रपत्र मांगे, लेकिन चालक कुछ भी बता नहीं सका। जिसपर यातायात प्रभारी अनेंद्र यादव ने कोतवाली देहात में धोखाधड़ी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज करवाया। वाहन को सीज कर लिया गया है।