बौंडी। सरयू नदी के कछार में लगातार चल रहे सर्च ऑपरेशन के बावजूद वन विभाग को भेड़िये की कोई नई लोकेशन सोमवार को नहीं मिल सकी है। अब तक छह भेड़ियों को वन विभाग के निशानेबाजों ने मार गिराया है। क्षेत्र में अभी और भेड़िये मौजूद हैं या नहीं, इसका स्पष्ट अनुमान नहीं लग पाया है।
सोमवार को कैसरगंज क्षेत्र में भेड़िये के किसी भी हमले की सूचना नहीं मिली है और न ही कहीं भेड़िये की साइटिंग हुई है। इसके बावजूद एहतियात के तौर पर वन विभाग की 32 टीमें भेड़िया प्रभावित इलाकों में लगातार गश्त कर रही हैं। इसके साथ ही सरयू नदी के कछार में ड्रोन के जरिये निगरानी और सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
गौरतलब है कि तीन महीनों में जिले में भेड़ियों के हमलों में आठ बच्चों समेत कुल 10 लोगों की जान जा चुकी है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर वन विभाग ने बाहर से प्रशिक्षित शूटर बुलाकर भेड़ियों के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस अभियान में अब तक छह भेड़ियों को मार गिराया जा चुका है।
डीएफओ राम सिंह यादव ने बताया कि प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी की जा रही है। वन विभाग की टीमें गश्त कर रही हैं और ड्रोन के माध्यम से भी नजर रखी जा रही है, लेकिन पूरे दिन भेड़िये की कोई साइटिंग नहीं हुई। सर्च ऑपरेशन फिलहाल जारी है।