बहराइच। खैरीघाट थाना क्षेत्र का शिवपुर बाजार लगभग दो साल पहले अवैध पटाखा फैक्टरी में हुए विस्फोट से दहल गया था। अवैध पटाखा फैक्टरी में विस्फोट होने से दो लोगों की मौत हो गई थी, जबकि तीन लोग जख्मी हो गए थे। सोमवार को आबादी के बीच फैक्टरी का भंडाफोड़ होने के बाद लोगों ने कहा कि आज पुलिस संकट मोचन बनकर हम लोगों के बीच आई थी। वरना कभी भी कुछ भी हो सकता था।
खैरीघाट थाना क्षेत्र के शिवपुर बाजार मेें 30 अक्टूबर 2018 को दोपहर में अवैध पटाखा फैक्टरी में विस्फोट हो गया था। विस्फोट में नफीस व सद्दाम की मौत हो गई थी। तत्कालीन डीएम माला श्रीवास्तव के निर्देश पर ताबड़तोड़ छापा कर कई दुकानें भी सीज की गई थीं। हाल में ही बलरामपुर की घटना के बाद एसपी विपिन मिश्रा ने जिले के थानाध्यक्षों को निर्देश देकर ऐसे मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। सोमवार को बरदहा बाजार में आबादी के बीच तैयार हो रहे मौत के कारोबार पर छापा मारकर विराम लगाकर खुलासा करते हुए 25 हजार आबादी के लिए पुलिस संकट मोचन बन गई। घनी आबादी के बीच गलती से भी एक विस्फोट हो जाता तो चारों तरफ हाहाकार मच जाता।
एसपी विपिन मिश्रा ने कहा कि जिले के सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिए गए हैं कि जहां भी अवैध तरीके से पटाखे बनाए जा रहे हैं। वहां पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।