पोस्टर प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित करते सचिव मेजर डॉ. एसपी सिंह।
बहराइच। विश्व स्तनपान सप्ताह एक से सात अगस्त के अवसर पर किसान पीजी कॉलेज के गृह विज्ञान विभाग की ओर से आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को सोमवार को सम्मानित कर प्रमाणपत्र दिए गए। कॉलेज प्रबंध समिति के सचिव मेजर डॉ. एसपी सिंह ने ये प्रमाणपत्र वितरित किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के चतुर्दिक विकास का मंच प्रदान करते हैं। प्राचार्य प्रोफेसर विनय सक्सेना ने कहा कि कॉलेज के प्रत्येक विभाग को ऐसे कार्यक्रम आयोजित करते रहना चाहिए।
गृह विज्ञान विभाग की प्रभारी डॉ. तस्नीम फातिमा जैदी ने बताया कि इन प्रतियोगिताओं के अतिरिक्त छात्राओं को मेडिकल कॉलेज के मैटरनिटी विंग का भ्रमण भी कराया गया। वहां छात्राओं ने चिकित्सकों से स्तनपान के संबंध में विस्तृत जानकारी ली उसके बाद गांव से शहर तक जागरूकता अभियान चलाया। इस मौके पर भूगोल विभागाध्यक्ष डॉ. कृष्ण कुमार, पंचायत विकास मंच के संयोजक सूरज शुक्ला, चित्रकला की प्रभारी सविता वर्मा, कार्यालय अधीक्षक राजवंत सिंह, डॉ डिंपल जैन तथा ज्योति रस्तोगी उपस्थित रहीं।
इन छात्राओं का रहा उत्कृष्ट प्रदर्शन
पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान खुशी, द्वितीय स्थान पायल वर्मा तथा तृतीय स्थान शाइस्ता खातून एवं सांत्वना पुरस्कार सानिया रजक, कुमारी परवीन, माहिनूर, छवि, शगुन पाठक, पलक वर्मा, शबनम, उमामा ने प्राप्त किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉप-10 छात्र-छात्राओं का चयन किया गया।