नानपारा (बहराइच)। क्षेत्र के लोगों को अब जलभराव की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। इस समस्या को समाप्त करने के लिए विधायक नानपारा की ओर से नाला निर्माण समेत अन्य कार्यों के लिए 16 करोड़ 53 लाख की कार्ययोजना बनाकर नगर विकास मंत्री को भेजी गई थी। इसको स्वीकृति मिलने के बाद योजना के क्रियान्वयन के लिए एक करोड़ 39 लाख रुपये की प्रथम किस्त शासन से जारी कर दी गई है। यह किस्त मिलने के बाद विधायक द्वारा बुधवार को एक समारोह में योजना का शिलान्यास किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक नानपारा रामनिवास वर्मा ने कहा कि विस चुनाव के समय उन्हें नगरवासियों ने जलभराव की समस्या से अवगत कराया था। लोगों का कहना था कि जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने से नगर का गंदा पानी उनके खेतों में भी भर जाता था। इससे उनकी कृषि योग्य भूमि खराब हो रही थी। समस्या के निस्तारण के लिए नगर पालिका नानपारा की ओर से कार्ययोजना बनाकर भेजी गई थी।
इसके तहत श्रीशंकर इंटर कॉलेज से हमीरवासिया सदन तक छह भागों में आरसीसी नाले का निर्माण कराया जाना है। जिसका शिलान्यास किया जा रहा है। इसके साथ ही शीघ्र ही नगर व ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों का निर्माण भी कराया जाएगा। ताकि लोगों को आवागमन में सुविधा मिल सके। नगर की पेयजल व्यवस्था भी दुरुस्त करने के लिए कार्ययोजना शासन को भेजी गई है। उसका बजट आवंटित होते ही कार्य प्रारंभ करा दिया जाएगा। ताकि लोगों को आसानी से शुद्ध व स्वच्छ पेयजल मिल सके।
कार्यक्रम का संचालन भाजपा नगर महामंत्री आनंद रस्तोगी ने किया। इस अवसर पर ईओ नगर पालिका रेनू यादव, भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिला संयोजक रामस्वरूप अग्रवाल, आदर्श अग्रवाल, गिरीश पटेल, चमन चौरसिया, श्याम बिहारी अग्रवाल, ऊषा सिंघानिया मौजूद रहे।