पिपरीमोहन गांव में जंगली जानवर के हमले में घायल किसान व ग्रामीण।
खैरीघाट। कोटिया ग्राम पंचायत के पंडित पुरवा में दर्शन बाबा स्थान के पास बृहस्पतिवार रात खेत की निगरानी करने गए किसान रामू (60) पर किसी हिंसक वन्यजीव ने हमला कर दिया। इससे उनके सिर में गंभीर जख्म हो गया। ग्रामीणों ने उन्हें एंबुलेंस से सीएचसी महसी पहुंचाया, जहां उनका इलाज किया गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद वन विभाग की टीम करीब छह घंटे तक मौके पर नहीं पहुंची। इससे लोगों में नाराजगी है। इससे पहले बुधवार को इसी क्षेत्र में एक कुत्ते पर भी जंगली जानवर के हमले की बात सामने आई थी।
रेंजर मोहम्मद साकिब ने बताया कि सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई थी। घटनास्थल पर सियार के पगचिह्न मिले हैं। टीम क्षेत्र में मौजूद है और लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी गई है।