कतर्नियाघाट के भवानीपुर में मवेशियों के बीच पहुंचा हाथियों का झुंड।
- फोटो : BAHRAICH
बिछिया (बहराइच)। कतर्नियाघाट रेंज के सदर बीट में कैलाशपुरी बाजार मार्ग पर शुक्रवार रात जंगली हाथी आ गए। हाथी लगभग आधे घंटे तक सड़क मार्ग पर चहलकदमी करते रहे। जिससे आवागमन ठहर गया। इसके बाद हाथियों के झुंड ने गेहूं की फसल को रौंदा।
कतर्नियाघाट संरक्षित वन क्षेत्र जंगली हाथियों को खूब रास आ रहा है। एक दिन पूर्व भवानीपुर गांव में हाथियों ने फसल रौंदी। वहीं कतर्नियाघाट रेंज के कैलाशपुरी बाजार मार्ग पर रात नौ बजे के आसपास हाथियों का झुंड आ गया। हाथियों का झुंड लगभग आधा घंटा सड़क पर मार्ग पर ही डटा रहा। जिससे लोगों का आवागमन रुक गया। सुजौली से लखनऊ जा रही प्राइवेट बस भी रुकी रही।
आधे घंटे बाद हाथियों का झुंड सड़क से हटा। इस पर आवागमन बहाल हो सका। वहीं हाथियों के झुंड ने कैलाशपुरी गांव के निकट खेतों में मवेशियों के बीच जमकर गेहूं की फसल रौंदी। ग्रामीण पीपा बजाते रहे। लेकिन काफी देर बाद हाथियों का दल जंगल की ओर गया। इसकी सूचना रेंज कार्यालय पर दी गई। लेकिन सूचना के बाद भी वनकर्मी मौके पर नहीं पहुंचे।