बहराइच। जिले में खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराने, कालाबाजारी व जमाखोरी रोकने आदि के लिए बृहस्पतिवार को डीएम की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट में बैठक हुई। डीएम मोनिका रानी ने उर्वरक के थोक विक्रेताओं को भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी में संलिप्त व्यापारियों को खाद की आपूर्ति न करने की हिदायत दी।
डीएम ने कहा कि बार्डर पर खाद की तस्करी रोकने की कार्रवाई लगातार हो रही है। किसी भी तस्करी में लिप्त संदिग्ध व व्यापारी को खाद की आपूर्ति न करें। ऐसा करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। डीएम ने प्रमुख उर्वरकों के साथ अन्य उत्पादों को जबरन थोपने पर भी अंकुश लगाने की बात कहीं। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को खाद की बिक्री पीओएस मशीन से करवाने, खाद के भंडारण, कालाबाजारी व मुनाफाखोरी आदि पर नजर रखने का आदेश दिया। बैठक में सीडीओ कविता मीना, उपकृषि निदेशक टीपी शाही व जिलाकृषि अधिकारी सतीश पांडेय आदि मौजूद रहे।