शिवपुर/खैरीघाट (बहराइच)। ग्राम पंचायत सेमरिया निवासी सविता (28) का शव बुधवार की सुबह संदिग्ध हालात में उनके घर में फंदे से लटकता मिला। शव देख परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के पिता राममिलन ने पति पर फोन पर धमकाने व आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाया है।
खैरीघाट क्षेत्र की ग्राम पंचायत ललुही निवासी राममिलन ने आरोप लगाते हुए बताया कि उन्होंने अपनी बेटी सविता का विवाह पांच साल पहले सेमरिया निवासी राजेश गौतम से किया था। राजेश बंगलुरु में मजदूरी करता है। पिता राममिलन ने बताया कि सविता अपने मायके ललुही आई थी। इसकी जानकारी होने पर मंगलवार को राजेश ने सविता को फोन किया और बहुत गालियां दीं। साथ ही ससुराल न लौटने पर बेल्ट से पीटने की धमकी दी। वहीं जब मैंने समझाने का प्रयास किया तो उसने मुझे भी गालियां दीं। इसके बाद सविता रोते हुए ससुराल चली गई थी। बुधवार सुबह बेटी के फंदे पर लटकने की जानकारी हुई। सविता अपने पीछे तीन मासूम बेटियोंं को छोड़ गई है। प्रभारी थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मौके पर फोरेंसिक टीम के साथ जांच की गई है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।