श्रावस्ती। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिला पोषण समिति की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता करते हुए डीएम ने संबंधित अधिकारियों को सैम व मैम बच्चों का वजन कराकर प्रत्येक माह रिपोर्ट भेजने का निर्देश दिया। बैठक में डीएम नेहा प्रकाश ने कहा कि सरकार नवजात शिशुओं, बच्चों, गर्भवती व धात्री महिलाओं को स्वस्थ रखने के लिए आईसीडीएस विभाग के माध्यम से कई योजनाएं संचालित कर रही है। अधिकारी अपने क्षेत्रों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों की बराबर मॉनिटरिंग करके सभी को योजनाओं का लाभ दिलाएं। साथ ही सीडीपीओ को पोषण ट्रैकर एप पर वजन किए गए बच्चों, टीएचआर वितरण का निर्देश दिया। फरवरी की प्रगति कम मिलने पर नाराजगी जताते हुए सुधार लाने का निर्देश दिया। साथ ही डीपीओ को निर्देश दिया कि अनुपूरक पुष्टाहार की आपूर्ति तत्काल आंगनबाड़ी केंद्रों पर कराएं। सीडीपीओ को निर्देश दिया कि कोई भी किशोरी आयरन गोली से वंचित न रहे। बैठक में डीपीओ पीके दास, सीएमओ डाॅ. एसपी तिवारी, डीडीओ राम समुझ, पीडी इंद्रपाल सिंह, बीएसए अमिता सिंह, सहायक निदेशक मत्स्य सुरेश कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी सुबोध कुमार सिंह व अधिशासी अभियंता विद्युत डीपी सिंह सहित सभी बीडीओ व सीडीपीओ मौजूद रहे। संवाद