बहराइच में शाम को बारिश में भीगते हुए जाती महिला।
बहराइच। दो दिनों से मानसून की सुस्ती ने तराई में उमस और गर्मी का असर बढ़ा दिया है। बादलों की आवाजाही के बावजूद बारिश नहीं होने से किसान चिंतित हैं, जबकि शहर और गांवों में लोग चिपचिपी गर्मी से परेशान रहे। मंगलवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवाओं के साथ करीब 15 मिनट तक बूंदाबांदी और हल्की बौछारें पड़ीं, जिससे लोगों को कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन किसानों का कहना है कि यह बारिश खेती के लिए नाकाफी है। जिले में मंगलवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। धान की रोपाई और अन्य खरीफ फसलों के लिए पर्याप्त नमी नहीं मिलने से खेत सूखने लगे हैं। मौसम विशेषज्ञ डॉ. पीएल त्रिपाठी ने बताया कि वातावरण में नमी बनी हुई है। अगले एक-दो दिनों में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और किसानों को राहत मिलेगी।