रिसियामोड़ (बहराइच)। रिसिया पुलिस ने मोहम्मदा नाले के पास पुलिया के निकट चल रही असलहे की अवैध फैक्टरी का खुलासा किया है। एक शातिर बदमाश को निर्मित व अर्द्धनिर्मित तमंचों और उपकरणों के साथ गिरफ्तार किया गया है। उसे जेल भेज दिया गया है। रिसिया के प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह को सूचना मिली कि थानाक्षेत्र के मोहम्मदा नाले के निकट पुलिया के पास अवैध असलहा बनाने का काम किया जा रहा है।
सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक ने एसआई इंद्रजीत यादव व अजय तिवारी की अगुवाई में गठित टीम के साथ छापा मारा। मौके से दरगाह के गल्लामंडी सलारपुर निवासी सलमान को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दो बने हुए बारह बोर के तमंचे व दो अर्द्धनिर्मित तमंचे, दो पाइप, स्प्रिंग, एक भट्ठी, लोहे की रिपिट समेत अन्य सामान बरामद किया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपी को मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।