पयागपुर में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का स्वागत करते लोग।
पयागपुर। गाय के संरक्षण एवं जनजागरण यात्रा पर निकले ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती मंगलवार को श्रावस्ती से पयागपुर पहुंचे। यहां नगर पंचायत अध्यक्ष बालेंद्र श्रीवास्तव विपिन के नेतृत्व में उनका भव्य स्वागत किया गया।
मीडिया से बातचीत के दौरान शंकराचार्य ने कहा कि जो सरकार गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा नहीं देती, उसे बदलने की आवश्यकता है। उन्होंने किसी राजनीतिक दल का नाम लिए बिना कहा कि जो दल गाय के नाम पर राजनीति करते हैं, लेकिन उसे राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने में सफल नहीं होते, जनता को ऐसे दलों को चुनाव में हराने का काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा देने वाली सरकार ही स्वीकार है।
इसके पूर्व पयागपुर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान शंकराचार्य ने अपने प्रतिनिधि के रूप में बसंत कुमार सिंह को पयागपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए गोरक्षा समिति का प्रमुख घोषित किया। कार्यक्रम में सत्य प्रकाश तिवारी, मलिक राम शर्मा, कमल निगम तथा कटरा के मसूद आलम सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। स्वागत के बाद शंकराचार्य गोंडा के लिए प्रस्थान कर गए।