बहराइच। जिला पंचायत के सभागार में शनिवार को महामना मालवीय मिशन के तत्वावधान में चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर नशामुक्त व भयमुक्त मतदान कराने को लेकर मंथन किया गया।
चौपाल कार्यक्रम में गायत्री परिवार, साईं परविार, आर्य समाज, अधिवक्ता समाज समेत कई संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। इस मौके पर मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरिशंकर सिंह ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र समूचे विश्व का पथ प्रदर्शन करता है। ऐसे में हम सभी का दायित्व बनता है कि हम मतदान अवश्य करें।
उन्होंने कहा कि महामना मालवीय मिशन पूरे देश में पंडित मालवीय जी के स्वतंत्रता संग्राम, धर्म, अध्यात्म, शिक्षा, राजनीति, पत्रकारिता, गौरक्षा आदि के क्षेत्र में प्रभावी कार्य करते हुए उनके विचारों को साकार रूप प्रदान कर रहा है। सामजशास्त्री रविंद्र सिंह ने सभी का आह्वान करते हुए कहा कि सभी शत प्रतिशत मतदान कर भारत को विश्व गुरु बनाने का संकल्प लें और अपना अमूल्य मत को भारत माता के चरणों में समर्पित करें, तभी हमारा समाज, धर्म व देश मजबूत बना रह सकेगा। कार्यक्रम आयोजक व मिशन अवध क्षेत्र के अध्यक्ष अधिवक्ता संजीव श्रीवास्तव ने संगठन के नशा उन्मूलन, पर्यावरण संरक्षण आदि कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम को नमामि गंगे के संयोजक राकेश श्रीवास्तव, रूल आफ सोसाइटी के अध्यक्ष अनिल मिश्र ने भी संबोधित किया। समापन सोसाइटी के कोषाध्यक्ष अर्जुन कुमार दिलीप सभी को धन्यवाद ज्ञापित कर किया। इस मौके पर सांई मंदिर के व्यवस्थापक कुलदीप सिन्हा, शंभूदयाल बाजपेई, केशव पांडेय, रमेशचंद्र मिश्रा, सहाबुद्दीन अंसारी, मोहम्मद सलीम, तकम्मस खान, धीरेंद्र शर्मा, दीपनारायण पाल, अनिल त्रिपाठी, ओमप्रकाश सक्सेना, लालबहादुर तिवारी, डाॅ.राधेश्याम श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।