मिहींपुरवा विकास खंड के उर्रा बाजार में बारिश के बाद आरसीसी सड़कों पर भरा पानी।
- फोटो : BAHRAICH
उर्रा (बहराइच)। जिले में रविवार को सुबह से ही बारिश शुरू हो गई। जंगल से सटे गांवों में झमाझम बरसात हुई। तेज बारिश होने से उर्रा बाजार में स्थित राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल परिसर में पानी भर गया। इसके अलावा गांव की सड़कों पर जलभराव हो गया, जिससे लोगों को आवागमन में दिक्कतें हुईं। लेकिन प्रशासन की ओर से जलनिकासी की कोई व्यवस्था नहीं की जा रही है। हरखापुर के ग्रामीणों ने जलभराव को लेकर प्रदर्शन भी किया।
मिहींपुरवा विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत उर्रा में लगभग छह वर्षों से नालियों की सफाई नहीं की गई है, जिससे नालियां चोक होने के साथ जाम हो गई हैं। रविवार को तेज बारिश होने से बाजार में जलभराव हो गया। बाजार में सब्जी मंडी के निकट स्थित राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल व कांजी हाउस में पानी भर गया।
इसके अलावा बस स्टॉप से बाजार के अंत में बने सिद्धनाथ मंदिर तक आरसीसी सड़क पर पानी भर गया। इतना हीं नहीं कई लोगों के घरों में भी पानी घुस गया। गांव निवासी योगेंद्र बहादुर श्रीवास्तव, अलीशेर खान, ओमप्रकाश सोनी, सादीराम, चुन्ना रायनी, सत्रोहन मौर्य, संजय मौर्य, संदीप, मोनू शर्मा आदि ने बताया कि सफाई के लिए बजट आता है, लेकिन उसका पता नहीं लगता है।
जनप्रतिनिधियों के अलावा स्थानीय अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं, जिससे समस्याओं का सामना करना पड़ता है। लोगों ने कहा कि नालियों की सफाई करवाकर जलनिकासी की व्यवस्था कराई जाए। उधर, इसी विकास खंड के हरखापुर गांव में सड़क पर पानी भरा होने से नाराज ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया।