रानीपुर (बहराइच)। सरखना गांव में नाली का निर्माण नहीं हुआ है, जिससे जलनिकासी की समस्या बनी हुई है। जलनिकासी न होने से पानी मार्ग पर ही भर गया है। इससे लोगों का आवागमन प्रभावित है। इसे लेकर सोमवार को ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना है कि बिना निर्माण के ही बजट निकाल लिया गया है। उन्होंने डीएम को पत्र भेजकर जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
हुजूरपुर विकास खंड अंतर्गत ग्राम सरखना में संपर्क मार्ग के किनारे नाली का निर्माण हो रहा था। लेकिन ठेकेदार ने अधूरा निर्माण कराकर पूरा बजट निकाल लिया। जिससे जलनिकासी की व्यवस्था ठप हो गई है। लोगों के घरों का पानी सड़क पर ही जमा हो रहा है।
ग्रामीणों ने इसकी शिकायत ग्राम प्रधान व ग्राम विकास अधिकारी से की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इससे नाराज ग्रामीणों ने पानी में खड़े होकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे पिंकू निषाद, जिलेदार, पप्पू निषाद आदि का कहना है कि अधूरा नाली का निर्माण कराकर बजट निकाल लिया गया है। लेकिन ग्राम प्रधान व ग्राम विकास अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।
जलनिकासी की समस्या बनी हुई है। लोगों के घरों व बारिश का पानी सड़क पर ही जमा हुआ है। दयाराम ने कहा कि बीडीओ व एसडीएम को पत्र दिया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। प्रदर्शन के बाद ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को पत्र भेजा। इस मौके पर ओमप्रकाश पाठक, जंगली गौतम, सुहावन सोनी, संगमलाल, कैलाश आदि मौजूद रहे।