रुपईडीहा पुलिस व एसएसबी द्वारा जेल भेजे गए भारत-नेपाल सीमा पर पकड़े गए आरोपी।
बहराइच। भारत-नेपाल सीमा से गिरफ्तार पंजाब के चर्चित अजनाला थाना हमला कांड के वांछित आरोपी विक्रमजीत सिंह समेत पांचों आरोपियों को शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) की अदालत में पेश किया गया। अदालत ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। अब पंजाब पुलिस विक्रमजीत सिंह को अपने साथ ले जाने के लिए ट्रांजिट रिमांड की तैयारी कर रही है। इस कार्रवाई के बाद सीमा सुरक्षा एजेंसियां पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुट गई हैं।
रुपईडीहा पुलिस और एसएसबी ने बृहस्पतिवार को भारत-नेपाल सीमा पर संयुक्त अभियान के दौरान पंजाब के मोगा निवासी एवं अजनाला थाना हमला कांड के वांछित आरोपी विक्रमजीत सिंह, अमेरिकी नागरिक कैलीफोर्निया निवासी मनवीर सिंह ढिल्लों, रुपईडीहा निवासी वाहन चालक राहुल कुमार तथा सीमा पार कराने में सहयोग के आरोपी सुरेश कुमार पाठक और दिलीप उपाध्याय को गिरफ्तार किया था। जांच में पता चला कि मनवीर सिंह अपनी पत्नी और आठ माह के बच्चे के साथ नेपाल से भारत में प्रवेश कर रहा था।
पत्नी और बच्चे के पास वैध यात्रा दस्तावेज मिलने पर उन्हें प्रवेश की अनुमति दे दी गई, जबकि मनवीर के पास आवश्यक दस्तावेज न होने पर उसे हिरासत में लिया गया। इसी वाहन की तलाशी में अजनाला कांड का वांछित आरोपी विक्रमजीत सिंह भी मिला। शुक्रवार को विवेचना अधिकारी ने पांचों आरोपियों का चालान कर सीजेएम न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
अब ट्रांजिट रिमांड पर ले जाएगी पंजाब पुलिस
सिविल कोर्ट के शासकीय अधिवक्ता संतोष सिंह ने बताया कि पंजाब पुलिस का विवेचना अधिकारी ट्रांजिट रिमांड के लिए न्यायालय में आवेदन करेगा। अभियोजन अधिकारी की संस्तुति के बाद सीजेएम द्वारा आदेश पारित होने पर पंजाब पुलिस विक्रमजीत सिंह को कड़ी सुरक्षा के बीच अपने साथ ले जा सकेगी।