श्रावस्ती। इकौना और गिलौला में जिला पंचायत व क्षेत्र पंचायत के लिए होने वाले प्रथम चक्र के मतदान में सुबह से ही अव्यवस्थाएं देखने को मिलीं।
गिलौला विकास क्षेत्र के घोरमा में बने मतदान केंद्र पर कुछ लोग मोबाइल लेकर आए थे, जिन्हें मना करने पर ग्रामीण भड़क उठे। इस पर उनकी पुलिस से खूब झड़प हुई।
लोगों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठियां भांज दीं। इससे आक्रोशित हुए ग्रामीणों ने जवाब में पथराव शुरू कर दिया। अधिकारियों के समझाने पर सभी किसी तरह माने।
इसी क्षेत्र के मनिकौरा में कुछ लोगों द्वारा मतदाताओं को धमकाया जा रहा था, जहां डीएम की उपस्थिति में पुलिस ने लाठी भांजीं। वहीं, इकौना के मनोहरापुर में आपस में दो प्रत्याशियों की झड़प पर सुरक्षा कर्मियों ने लाठी भांज कर लोगों को खदेड़ा।
सूची में नाम न होने पर भड़के मतदाता
इकौना के चक्रभंडार, खरगौरा बस्ती, शिवपुर बनकट, कल्यानपुर व विशुनापुर में तमाम लोग मतदाता पहचान पत्र लेकर मतदान के लिए पोलिंग बूथ पहुंचे। यहां मतदाता सूची में उनका नाम शामिल नहीं था। इससे नाराज लोगों ने चक्रभंडार मतदान केंद्र के सामने प्रदर्शन किया।
दोपहर में दिखा सन्नाटा
गिलौला बाजार केे मतदाता के लिए नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज गिलौला को मतदान केंद्र बनाया गया था। जहां दोपहर बारह बजे के करीब पूरी तरह सन्नाटा फैला रहा। पीठासीन व मतदान कार्मिक मतदाताओं के आने का इंतजार करते देखे गए।
225 वाहनों का चुनाव में हुआ उपयोग
पंचायत चुनाव के पहले चरण में पोलिंग पाटिर्यों सुरक्षाकर्मियों व जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों लाने ले जाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा 50 बस, 45 ट्रक, 44 डीसीएम, 24 मैक्स, 23 डिलेवरी वैन, 20 मैजिक व 20 बोलेरो सहित 225 वाहनों को लगाया गया था।