जमुनहा(श्रावस्ती)। गांव में हो रहे विकास कार्यों में मानकों की अनदेखी जारी है। जिससे नाराज ग्रामीणों ने कार्यदायी संस्था के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है। ग्रामीणों ने क्षेत्र के बनगई व द्वारिका गांव बाग में हो रहे गुणवत्ता विहीन निर्माण की डीएम से शिकायत करते हुए जांच कराने की मांग की है। जमुनहा विकास क्षेत्र के फतेहपुर बनगई के मजरा बनगई स्थित पोखरा के पास पुलिया निर्माण कराया जा रहा है। यहां स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेस 2 के तहत निर्मित सामुदायिक वर्मी कम्पोस्ट को जाने वाले मार्ग पर पुलिया व एजिंग मं दोयम दर्जे की निर्माण सामग्री का प्रयोग कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। वहीं क्षेत्र के ग्राम जमुनहा भवनियापुर के मजरा द्वारका गांव बाग में क्षेत्र पंचायत से 220 मीटर नाला का निर्माण किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप हैं कि यहां निर्माण में पुरानी इंटर लाकिंग पर ही नाली बनाई जा रही है। इसका विरोध करने पर कार्यदायी संस्था के ठेकेदार की ओर से ग्रामीणों को धमकी दी जा रही है। वहीं, ग्राम विकास अधिकारी भी गुणवत्ता विहीन निर्माण से पल्ला झाड़ रहे हैं। ऐसे में ग्रामीणों ने डीएम नेहा प्रकाश से हस्तक्षेप कर निर्माण कार्यों की जांच कराने व दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। इस बारे में खंड विकास अधिकारी जमुनहा सरयू प्रसाद सिंह का कहना है कि दोनों स्थानों पर हो रहे निर्माण कार्य की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।