फखरपुर के सिसवारा गांव में रविवार को प्रदर्शन करते ग्रामीण। -स्रोत : ग्रामीण
फखरपुर। सिसवारा गांव के ग्रामीणों ने बिना नाली बनाए सीसी रोड का निर्माण कराए जाने के विरोध में रविवार को प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने काम रुकवाते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा से मामले में हस्तक्षेप कर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि सीएचसी से टेंडवा महंत तक जाने वाली करीब पांच किलोमीटर लंबी सड़क की मरम्मत का काम जनवरी 2025 में लोक निर्माण विभाग ने शुरू कराया था। मार्ग में पड़ने वाले सिसवारा गांव में बिना नाली बनाए सड़क निर्माण शुरू कर दिया गया, जिससे जलनिकासी की समस्या उत्पन्न हो जाएगी।
गांव निवासी हरिओम शुक्ला, धर्मेंद्र शुक्ला, नानमून, महेंद्र कुमार, अखिलेश कुमार, बंशीलाल सहित अन्य लोगों ने विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए मांग की कि सड़क निर्माण से पहले नाली का निर्माण कराया जाए।
ग्रामीणों का कहना है कि जल निकासी की व्यवस्था न होने से उन्हें समस्या का सामना करना पड़ रहा है। बरसात और घरेलू पानी के निकास के लिए नाली आवश्यक है। यदि सड़क का निर्माण इसी तरह कर दिया गया तो जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इस संबंध में बीडीओ प्रतीक सिंह का कहना है कि मामले की जांच करवाकर कार्रवाई करेंगे।