नवाबगंज (बहराइच)। होलिया अमृतपुरवा गांव में ग्रामीणों की जमीन पर कब्जा करने के लिए दबंग ट्रैक्टर लेकर जोताई करने पहुंचे। इसका विरोध करते हुए ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है।
नवाबगंज थाना अंतर्गत ग्राम पंचायत होलिया के मजरा अमृतपुरवा गांव नेपाल सीमा से सटा हुआ है। गांव में ननके पांडेय, तिलकराम और गंगी की जमीन है। जिस पर कब्जा करने के लिए शुक्रवार को कुछ दबंग ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर पहुंचे और जमीन की जोताई करने लगे। इस पर ग्रामीणों ने विरोध किया। इस पर दबंगों ने लाइसेंसी बंदूक दिखाते हुए पीड़ितों को दौड़ा लिया। सूचना पाकर काफी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। नाराज ग्रामीणों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस पर कब्जा करने आए लोग ट्रैक्टर ट्रॉली खेत में छोड़कर भाग गए। सूचना समतलिया चौकी पर दी गई। चौकी इंचार्ज गौरव सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया। किसी भी पक्ष ने थाने में तहरीर नहीं दी है। थानाध्यक्ष एके सिंह का कहना है कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।