फखरपुर। विकसित भारत के संकल्प को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से शनिवार को विकास खंड की समस्त ग्राम पंचायतों में विकसित भारत ग्रामीण रोजगार आजीविका मिशन के तहत चौपाल कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में ग्रामीणों को नए ग्रामीण रोजगार कानून के लाभों और प्रावधानों से अवगत कराया गया।
खंड विकास अधिकारी प्रतीक सिंह ने विभिन्न चौपालों के माध्यम से बताया कि नई योजना के तहत अब प्रति परिवार गारंटीकृत रोजगार के दिनों को 100 से बढ़ाकर 125 दिन कर दिया गया है। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि मजदूरी का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। यदि भुगतान में किसी प्रकार की देरी होती है, तो संबंधित लाभार्थी को मुआवजे का भी प्रावधान किया गया है।
चौपालों का आयोजन हैबतपुर के प्रधान राजू शुक्ला, बौंडी के विवेक सिंह, अंगनापारा के संपूर्णानंद शुक्ला, दाहोरा के धर्मपाल गुप्ता और कोदही के विक्रम सिंह चौहान सहित विभिन्न ग्राम प्रधानों के नेतृत्व में किया गया।
खंड विकास अधिकारी ने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों के सवालों के जवाब दिए और मिशन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर एपीओ विक्रांत सिंह, अकाउंटेंट महेंद्र जायसवाल, दिनेश तिवारी, विनोद सिंह, भीम सिंह कुशवाहा, दीनानाथ मिश्रा सहित सभी ग्राम पंचायतों के सचिव और तकनीकी सहायक उपस्थित रहे।