रमपुरवा चौराहे पर बिजली कटौती के खिलाफ प्रदर्शन करते लोग।
बौंडी। महसी पावर हाउस की बदहाल विद्युत व्यवस्था से परेशान ग्रामीणों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने रमपुरवा चौकी के पास रमपुरवा-महसी मार्ग पर करीब 30 मिनट धरना-प्रदर्शन किया। इससे मार्ग के दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई और जाम की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर प्रदर्शन समाप्त कराया। उधर, पूर्व विधायक केके ओझा की अगुवाई में भी ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीण रामफेरन, यशवीर, राम समोखन और झब्बर का आरोप है कि क्षेत्र में बिजली व्यवस्था लगातार खराब है। वह सभी सुबह शिकायत करने पहुंचे तो समस्या का समाधान कराने के बजाये पावर हाउस के कर्मचारियों ने पुलिस फोर्स बुला ली। इससे ग्रामीणों में और नाराजगी बढ़ गई। मंगलवार को ग्रामीणों ने रमपुरवा चौकी के पास सड़क पर धरना देकर विरोध जताया।
प्रदर्शन की सूचना पर पुलिस के साथ स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता की। इसके बाद ग्रामीण सड़क से हट गए और यातायात बहाल हो गया। इस दौरान पूर्व विधायक केके ओझा ने भी एसडीएम महसी से वार्ता कर क्षेत्र की विद्युत समस्या से अवगत कराया।
हरदी थानाध्यक्ष आलोक सिंह ने बताया कि प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों से वार्ता कर उन्हें समझाया गया, जिसके बाद सभी अपने घर चले गए। एसओ ने बताया कि एसडीओ महसी से भी इस संबंध में वार्ता की गई है। एसडीओ ने विद्युत व्यवस्था दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया है।
एसडीएम ने अभियंता को दी चेतावनी
बदहाल बिजली व्यवस्था के खिलाफ पूर्व विधायक केके ओझा समर्थकों के साथ नारेबाजी करते हुए तहसील पहुंचे और एसडीएम राजेश अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा। वार्ता के दौरान एसडीएम ने ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद पावर कॉरपोरेशन के अभियंता से फोन पर बात की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।