अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें दो की हालत नाजुक बनी हुई है। बताया जाता है कि हादसे के शिकार बाइक सवार युवकोें ने हेलमेट नहीं लगाया था।
फखरपुर थाना क्षेत्र के सिंगाही गांव निवासी महादीन (70) पुत्र हरिप्रसाद शुक्रवार को दोपहर मदनकोठी बाजार में सामान की खरीदारी करने आया था। बाजार में सामान खरीदकर जब वह वापस घर जाने के लिए लखनऊ-बहराइच मार्ग पार कर रहा था, तभी लखनऊ की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी, जिससे महादीन की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से बाजार में हड़कंप मच गया।
लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस मामले में मृतक के पुत्र मुन्नीलाल की तहरीर पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
उधर, नानपारा-बहराइच मार्ग पर बभनीमोड़ के पास बाइकों की आमने-सामने हुई भिड़ंत में नानपारा निवासी राजितराम (40), बदलू (30) और नबावगंज निवासी साबितराम (27) तथा अशफाक (22) घायल हो गए। आनन-फानन में सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां अशफाक और बदलू की हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे में घायल बाइक सवार युवकों ने हेलमेट नहीं लगाया था।