हुजूरपुर (बहराइच)। जरवल ब्लॉक की ग्राम पंचायत मीरपुर कोनिया के निवासी कोरोना संक्रमित ग्राम प्रधान पति की शनिवार की रात मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शव को विशेष कवर में लपेटकर पूरी सुरक्षा के साथ घर भेजा। इसके बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
जरवल विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत मीरपुर कोनिया की ग्राम प्रधान के 40 वर्षीय पति कोरोना संक्रमित थे। उनका इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा था। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार देर रात ग्राम प्रधान पति की इलाज के दौरान मौत हो गई। ग्राम प्रधान पति की मौत की सूचना पर स्वास्थ्य कर्मियों के साथ जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। सीएमओ के साथ एसडीएम सदर ज्ञान प्रकाश त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट जयप्रकाश समेत अन्य अधिकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचे।
उन्होंने प्रोटोकॉल के तहत मृतक के शव को विशेष पॉलीथीन में सुरक्षा के साथ एंबुलेंस से घर भेजा। शव घर पहुंचते ही परिवारीजनों में कोहराम मच गया। हालांकि किसी को भी शव को छूने की अनुमति नहीं दी गई। उपजिलाधिकारी कैसरगंज महेश कुमार कैथल की देखरेख में शव का अंतिम संस्कार स्वास्थ्य कर्मियों ने करवाया। एसडीएम महेश कुमार ने बताया कि मृतक के परिवारीजनों के सैंपल लिए जा रहे हैं। लोगों को मास्क लगाकर घरों से बाहर निकलने व सामाजिक दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं कोरोना संक्रमित की मौत से गांव के साथ आसपास के क्षेत्र में दहशत है।
अब तक तीन लोगों की कोरोना से जा चुकी है जान
जरवल निवासी एक वृद्ध की कोरोना से पखवारे भर पूर्व मौत हो गई थी। इसके अलावा नानपारा नगर के जुबलीगंज मोहल्ला निवासी अधिवक्ता की भी लखनऊ में मौत हुई थी। जिसकी रिपोर्ट बाद में कोरोना पॉजिटिव आई थी। वहीं जरवल के ही मीरपुर कोनिया गांव निवासी ग्राम प्रधान पति की मौत भी कोरोना संक्रमण से हुई है। वहीं प्रशासन नानपारा निवासी अधिवक्ता की मौत को अपनी लिस्ट में शामिल नहीं कर रहा है। जिससे अभी तक मौत का आंकड़ा शनिवार की घटना को मिलाकर दो ही है।