बहराइच। शहर के डिगिहा तिराहे पर नो इंट्री में सोमवार की रात एक ट्रक को प्रवेश देने के नाम पर पैसे की वसूली की गई। जिसका वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने सिपाही के खिलाफ सीओ को जांच सौंपी है।
दरगाह शरीफ थाना अंतर्गत शहर के डिगिहा तिराहे पर सोमवार की शाम एक ट्रक नो इंट्री लगा होने के बाद भी शहर के अंदर प्रवेश कर रहा था। माल लदा होने के बावजूद ट्रक को अंदर आता देख एक सिपाही ने बाइक से पीछा करते हुए अग्रसेन चौक के आगे रोक लिया।
इसके बाद ट्रक चालक से बाइक सवार सिपाही ने पैसे की वसूली की। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर मंगलवार को वायरल हो गया। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर ने मामले की जांच सीओ सिटी टीएन दूबे को सौंपी है। एसपी ने बताया कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जनता से अभद्रता पर सिपाही लाइन हाजिर
मटेरा पुलिस चौकी पर तैनात एक सिपाही द्वारा जनता के साथ अभद्रता की जा रही थी। इसकी शिकायत कुछ लोगों ने एसपी डॉ. गौरव ग्रोरव से की। एसपी ने शिकायत मिलने के बाद सिपाही दिनेश यादव को लाइन हाजिर कर दिया है। उसे पुलिस चौकी मटेरा से पुलिस लाइन स्थानांतरित किया गया है। पूरे मामले की विभागीय जांच कराने के भी निर्देश दिए हैं।