कतर्नियाघाट में आंबा-बिछिया मार्ग पर दिखा हाथी।
- फोटो : कतर्नियाघाट में आंबा-बिछिया मार्ग पर दिखा हाथी।
बिछिया। कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग से सटे आंबा-बिछिया मार्ग पर रविवार रात हाथियों का झुंड सड़क पर आ गया। करीब एक दर्जन हाथियों ने सड़क किनारे खड़े पेड़ों की डालियां तोड़कर पत्ते खाना शुरू कर दिया। गजराजों को इतने करीब से पत्ते खाते देख राहगीर दहशत में आ गए। वाहनों की रफ्तार थम गई, लगभग आधे घंटे तक मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रही।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 10 बजे हाथियों का झुंड कतर्नियाघाट के घने जंगल से निकलकर आंबा-बिछिया मार्ग पर पहुंच गया। झुंड में लगभग 10 वयस्क और दो बच्चे शामिल थे। हाथियों के सड़क पर डटे रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। आधे घंटे बाद झुंड घने जंगल में चला गया तब आवागमन शुरू हुआ। वन्यजीव विशेषज्ञ अभिषेक ने बताया कि रात के समय जंगल से सटे मार्गों पर आवागमन से बचना चाहिए। अत्यंत आवश्यक होने पर ही निकलें और कोशिश करें कि समूह में यात्रा करें।