जरवलरोड (बहराइच)। तेलंगाना राज्य के करनूलनागर निवासी श्रद्धालुओं से भरा वाहन रविवार को जरवलरोड थाना क्षेत्र में अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में वाहन सवार नौ श्रद्धालु घायल हो गए, जिसमें गंभीर रूप से घायल दो श्रद्धालुओं को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। सभी श्रद्धालु अयोध्या में भगवान राम के मंदिर में पूजन अर्चन के बाद सीतापुर स्थित नैमिष धाम जा रहे थे।
तेलंगाना राज्य के करनूल नागर निवासी अनुसा, नागाराजू ,राघवेन्द्र गौड, एल.पदमा, शिव लीला, हमराम्मा, पार्वतल्लू, लीलावती, पार्वत अम्मा अयोध्या में निर्मित भव्य राम मंदिर में दर्शन पूजन के लिए गए थे। सभी ने भगवान श्रीराम के दर्शन के बाद सीतापुर स्थित नैमिषारण्य दर्शन की योजना बनाई। अयोध्या से वाहन बुक करवाकर रविवार को सभी सीतापुर जा रहे थे। इस दौरान जरवलरोड थाना क्षेत्र के गोंडा-लखनऊ हाइवे स्थित तूफानी चौराहे के पास वाहन चालक रबिउल्ला को झपकी आ गई। इससे वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराते हुए पलट गया। हादसे से मौके पर चीखपुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को वाहन से बाहर निकाला और इलाज के लिए एंबुलेंस से सीएचसी मुस्तफाबाद पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने सभी का प्राथमिक इलाज कर गंभीर रूप से घायल दो श्रद्धालुओं को मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया।
सीएचसी अधीक्षक डाॅ.कुंवर रितेश ने बताया कि अनुसा और हमराम्मा की हालत गंभीर थी, जिन्हें मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। अन्य को प्राथमिक इलाज के बाद रवाना कर दिया गया। थाना प्रभारी बृजराज प्रसाद ने बताया कि चालक प्रार्थना पत्र देकर वाहन अपने साथ ले गया। श्रद्धालुओं को दूसरे वाहन से भेजा गया है।