श्रावस्ती। जिले में लोकसभा चुनाव को लेकर बुलवाए गए बीएसएफ के जवानों के साथ पुलिस का रविवार को मैत्री फुटबॉल व क्रिकेट मैच का आयोजन हुआ। इसकी शुरुआत एसपी घनश्याम चौरसिया ने खिलाड़ियों से परिचय लेकर की। दोनों ही मैच में पुलिस टीम विजेता रही।
पुलिस लाइन ग्राउंड में मैत्री फुटबॉल मैच में पुलिस एकादश ने बीएसएफ की टीम को 1-0 से हराया। पुलिस टीम के कप्तान निरीक्षक विजय कुमार व बीएसएफ टीम के कप्तान कंपनी कमांडर अजय कुमार ने रोमांचक मैच खेला। पहले हाफ में दोनों टीमों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। दोनों टीमों की तरफ से कोई गोल नहीं हुआ। दूसरे हाफ में पुलिस टीम की तरफ से आरक्षी किशुन ने आरक्षी कमलेश को बेहतरीन पास दिया। इससे कमलेश ने एक गोल किया। पुलिस टीम को 1-0 से विजेता रही।
वहीं क्रिकेट मैच में पुलिस टीम के कप्तान एसपी घनश्याम चौरसिया व बीएसएफ टीम के कप्तान कंपनी कमांडर अजय कुमार रहे। टॉस जीतकर पुलिस की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 16 ओवर के मैच में नौ विकेट खोकर 129 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीएसएफ की टीम 14.2 ओवर में 93 रन पर ऑलआउट हो गई। मैच में पुलिस टीम 37 रन से विजेता रही। इस दौरान एएसपी प्रवीण कुमार यादव, सहायक कमांडेंट एलियन चांगलोई, सीओ भिनगा अतुल चौबे, जमुनहा सतीश कुमार शर्मा व प्रतिसार निरीक्षक अखिलेश कुमार सहित पुलिस व बीएसएफ के जवान मौजूद रहे।