बहराइच। पयागपुर में तैनात ग्राम विकास अधिकारी बुधवार देर रात मांगलिक समारोह से लौट रहे थे। तभी गोंडा-बहराइच मार्ग पर अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान ग्राम विकास अधिकारी की मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जौनपुर जिला निवासी धर्मदेव सिंह (38) पयागपुर ब्लॉक में ग्राम विकास अधिकारी के पद पर तैनात थे। धर्मदेव के पास अमदापुर, सहसरावां समेत अन्य गांवों का प्रभार था। सहरावां गांव के प्रधान गोपाल जी उपाध्याय के यहां बुधवार को तिलकोत्सव था। जिसमें ग्राम विकास अधिकारी शामिल होने के बाद बुधवार रात बाइक से जिला मुख्यालय स्थित अपने कमरे पर जा रहे थे।
तभी गोंडा-बहराइच मार्ग पर पयागपुर थाना क्षेत्र में कोल्हुवा के निकट अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिसकर्मियों की मदद से घायल वीडीओ को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान देर रात ग्राम विकास अधिकारी की मौत हो गई।
सूचना पाकर पीडी एके सिंह, बीडीओ रंजनलाल समेत कई ग्राम विकास अधिकारी पहुंच गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परियोजना निदेशक एके सिंह ने बताया कि गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद बीडीओ रंजन लाल, एडीओ पंचायत महेश सिंह आदि के साथ धर्मदेव का शव जौनपुर भेज दिया गया है।