बहराइच। कोरोना योद्धाओं को वैक्सीन लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग कोविड वैक्सीन सेंटर बनाने में जुट गया है। जिले के 14 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में वैक्सीन सेंटर बनेगा। साथ ही नगर क्षेत्र के लोगों के लिए सीएमओ कार्यालय परिसर में सेंटर स्थापित किया गया है। इसके लिए कर्मचारियों का डाटा स्वास्थ्य विभाग एकत्रित कर रहा है। 15 दिसंबर तक सभी का डाटाबेस एकत्र कर रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।
कोरोना संक्रमण से निजात के लिए सर्वप्रथम कोरोना योद्धाओं को टीका लगाया जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग आयुर्वेदिक, यूनानी, होम्योपैथिक और प्राईवेट नर्सिंगहोम से कर्मचारियों का डाटा एकत्र कर रहा है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि ऑफिस के ठीक सामने कोविड वैक्सीन सेंटर बनाया गया है। यहां पर कोविड वैक्सीन को रखा जाएगा। इसके अलावा जिले में संचालित 14 सीएचसी में भी कोविड वैक्सीन सेंटर बनाया जाएगा। इसके लिए सीएचसी परिसर में जगह चिन्हित कर ली गई है। सीएमओ ने बताया कि सभी ब्लॉक में स्थित सीएचसी में कोविड वैक्सीन सेंटर के लिए कमरे चिह्नित किए गए हैं। जहां पर कोविड सेंटर में वैक्सीन रखी जाएगी। इन्हीं सेंटर से कोरोना योद्धाओं को टीका लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्राईवेट नर्सिंगहोम, सभी सीएचसी, पीएचसी, आयुर्वेदिक और यूनानी स्वास्थ्य कर्मियों का डाटा एकत्र किया जा रहा है।
जिला मुख्यालय आईं मशीनें
कोविड वैक्सीन को रखने के लिए तीन मशीनें आ गई हैं। इन मशीन के अंदर ही कोविड वैक्सीन रखी जाएगी। जिसको मशीन द्वारा जरूरी तापमान मिल सकेगा। वैक्सीन खराब नहीं होगी।
माइनस पांच डिग्री तापमान में रहेगी वैक्सीन
शासन के निर्देशानुसार सर्वप्रथम कोरोना योद्धाओं को वैक्सीन लगाई जाएगी। इसके लिए आंकड़े एकत्र किए गए हैं। कोविड सेंटर में वैक्सीन रखने के लिए तापमान निर्धारित किया गया है। जिला मुख्यालय पर माइनस पांच डिग्री और ब्लॉकों में दो से आठ डिग्री तापमान में वैक्सीन को रखा जाएगा।
- डॉ. राजेश मोहन श्रीवास्तव, सीएमओ