बहराइच के आयुर्वेदिक चिकित्सालय से गुरुवार को जागरुकता रैली निकालते स्वास्थ्य कर्मी।
- फोटो : BAHRAICH
बहराइच। आयुर्वेद विभाग की ओर से गुरुवार को धनवंतरी जयंती के अवसर पर जागरूकता रैली निकाली गयी। इस दौरान लोगों को जीवन बचाने के लिए आयुर्वेद अपनाने पर जोर दिया गया। जागरूकता रैली के बाद सभी आयुर्वेदिक अस्पतालों में गोष्ठी का आयोजन हुआ, जिसमें आयुर्वेद के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। शुक्रवार को नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन होगा, जिसमें मरीजों की जांच कर नि:शुल्क दवाइयां दी जाएंगी। साथ ही आयुर्वेद के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।
शहर के विकास भवन रोड स्थित नगर चिकित्सालय से सुबह सात बजे जागरूकता रैली निकाली गई। क्षेत्रीय आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. राजीव कुमार ने बताया कि धनवंतरी जयंती के अवसर पर आयुर्वेदिक अस्पताल से जागरूकता रैली शहर भ्रमण के लिए रवाना हुई। रैली अस्पताल से शुरू होकर पानी टंकी होते हुए स्टेडियम पहुंची। इसके बाद पुन: अस्पताल आकर समाप्त हुई।
रैली के दौरान लोगों को अधिक समय स्वस्थ रहने के लिए आयुर्वेद का प्रयोग करने पर बल दिया। साथ ही आयुर्वेद के इलाज से होने वाले फायदे के बारे में जागरूक किया। रैली के बाद अस्पताल में गोष्ठी का आयोजन हुआ। जिसमें नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक पांडेय, डॉ. सुमन पांडेय, फार्मेसिस्ट हरीशचंद सिंह, हौसला प्रसाद सिंह, राजेश कुमार मिश्र, अशोक कुमार श्रीवास्तव की अगुवाई में लोगों को आयुर्वेद दवा के प्रयोग व इससे लाभ की जानकारी दी गई।
डॉ. राजीव ने बताया कि इसके अलावा जिले के 36 आयुर्वेदिक अस्पताल व श्रावस्ती के 15 अस्पताल में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जबकि शुक्रवार को सभी अस्पतालों में दीर्घायु के लिए आयुर्वेद के महत्व की जानकारी के साथ नि:शुल्क चिकित्सा शिविर लगाया जाएगा, जिसमें मरीजों की जांच कर दवाइयां दी जाएंगी।