चांदपुरा वार्ड में बन रहा प्रधानमंत्री आवास।
बहराइच। दिवाली से पहले पक्के घर का सपना संजोए 986 परिवारों को बड़ी राहत मिली है। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत इन लाभार्थियों के लिए दूसरी किस्त के रूप में एक-एक लाख रुपये जारी किए गए हैं। कुल 9.86 करोड़ रुपये की धनराशि नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के माध्यम से भेजी गई है। एक-दो दिनों में रकम लाभार्थियों के खातों में पहुंचने की उम्मीद है।
इससे अधूरे मकानों का निर्माण तेज होगा और कई परिवार दिवाली पर अपने नए घर को दीपों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाने का सपना पूरा कर सकेंगे। करीब छह महीने पहले चार हजार से अधिक लाभार्थियों के खातों में पहली किस्त भेजी गई थी। इसके बाद से पात्र लाभार्थी दूसरी किस्त का इंतजार कर रहे थे। शासन के निर्देश पर 24 मई 2026 तक जीओ टैग हो चुके लाभार्थियों को दूसरी किस्त जारी की गई है। धनराशि मिलने से लाभार्थी अपने आवासों का निर्माण आगे बढ़ा सकेंगे।
मिहींपुरवा के सबसे अधिक लाभार्थी
निकायवार जारी धनराशि में मिहींपुरवा के 571 लाभार्थी शामिल हैं। इसके अलावा नानपारा के 162, बहराइच के 161, कैसरगंज के 64, रूपईडीहा के 15, रिसिया के सात तथा जरवल और पयागपुर के तीन-तीन लाभार्थियों को दूसरी किस्त मिली है।
कोई पैसे मांगे तो करें शिकायत
डूडा के पीओ राहुल चौहान ने बताया कि 986 लाभार्थियों की दूसरी किस्त जारी कर दी गई है। एक-दो दिनों में धनराशि खातों में पहुंच जाएगी। उन्होंने लाभार्थियों से अपील की कि आवास योजना के नाम पर किसी को पैसा न दें। यदि कोई पैसे की मांग करता है तो तत्काल शिकायत करें।