परिजनों ने जताया इस बात का शक
मोहल्ला बेलदारन टोला निवासी ट्रांसपोर्ट व्यवसायी अजय कुमार द्विवेदी सोमवार शाम करीब साढ़े आठ बजे घर से निकले थे। पत्नी सुधा द्विवेदी के अनुसार शाम करीब सात बजे समीर खान निवासी गिरंट बाजार, नवाबगंज का फोन आया था। उसने अजय को सिसवारा गांव स्थित मथुरा मोड़ पर मिलने के लिए बुलाया। दोनों के बीच पुरानी दोस्ती थी, इसलिए वह घर से निकल गए।
परिजनों के मुताबिक, रात करीब 9:40 बजे अजय का फोन आया। उन्होंने एक क्यूआर कोड पर कुछ रुपये भेजने की बात कही। इसके कुछ देर बाद सिसवारा निवासी एक युवक, जिसे लोग हाफिज के नाम से जानते हैं, ने अजय के परिचित को फोन कर दुर्घटना की सूचना दी।
नहरी किनारे पड़े मिले
जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे तो अजय नहर किनारे गंभीर रूप से घायल पड़े मिले। उनके सिर और शरीर पर धारदार हथियार से किए गए कई गहरे घाव थे। परिजन उन्हें तत्काल निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक के बड़े भाई एवं वरिष्ठ पत्रकार संजय द्विवेदी ने बताया कि अजय के शरीर पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे, जिससे स्पष्ट है कि उनकी हत्या की गई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी सुधा द्विवेदी ने समीर खान उर्फ पप्पू सहित लखीमपुर और सीतापुर के कुछ लोगों की संलिप्तता की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी नानपारा पंहुप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मोबाइल कॉल डिटेल, लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
हर पहलू की जांच, कई टीमें गठित
क्षेत्राधिकारी नानपारा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होता है। सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगा दी गई हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।