बहराइच के इंदिरा गांधी स्टेडियम में क्रिकेट खेलते खिलाड़ी।
- फोटो : बहराइच के इंदिरा गांधी स्टेडियम में क्रिकेट खेलते खिलाड़ी।
बहराइच। शहर के इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम में मंगलवार से अंडर-16 पुरुष क्रिकेट चयन ट्रायल की शुरुआत हुई। पहले दिन जिला क्रिकेट एसोसिएशन की सब-ऑर्डिनेट रेड और ग्रीन टीमों के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
चयन प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाए रखने के लिए दोनों टीमों के 17-17 खिलाड़ियों को खेलने का अवसर दिया गया। इससे अधिक से अधिक खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला। बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों ही क्षेत्रों में खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं को प्रभावित करने की कोशिश की।
ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों में उत्साह और जोश साफ नजर आया। मैदान पर अनुशासन और खेल भावना भी देखने को मिली, जिससे आयोजन का माहौल सकारात्मक बना रहा। चयन प्रक्रिया में रंजीत यादव ने चयनकर्ता की भूमिका निभाई, जबकि शताक्षी अवस्थी और आसिफ रजा खान ने निर्णायक की जिम्मेदारी संभाली। इस आयोजन के जरिए जिले के उभरते खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।