नानपारा। इमालिया चौराहे के पास मंगलवार दोपहर तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक सवार तीन चचेरे भाइयों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो भाइयों की मौत हो गई। एक की हालत गंभीर है।
मिहींपुरवा की ओर से आ रही डीसीएम ने बाइक सवार जितेंद्र कुमार (22) व रोहित (25) व सुशील उर्फ छोटू (16) निवासी सार्रा मुंदरी थाना कोतवाली मोतीपुर को रौंद दिया। हादसे में जितेंद्र व रोहित की मौके पर मौत हो गई। बाइक पर पीछे बैठा सुशील उर्फ छोटू (16) गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानपारा पहुंचाया, जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जितेंद्र कुमार अपने चचेरे भाई रोहित व सुशील के साथ रिश्तेदारी तकिया गांव से होकर घर जा रहे थे। लोगों ने बताया कि बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था। प्रभारी निरीक्षक मिथिलेश कुमार राय ने बताया कि मृतक जितेंद्र के पिता रामखेलावन निवासी सार्रा मुंदरी की तहरीर पर अज्ञात डीसीएम चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चालक वाहन छोड़कर भाग गया है। पुलिस ने डीसीएम को कब्जे में ले लिया है।
हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत
कैसरगंज कोतवाली क्षेत्र में सोमवार शाम को तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने स्कूटी सवार को पीछे से टक्कर मार दी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि बाराबंकी जिले के रामनगर कोतवाली क्षेत्र के हनुमंतपुर निवासी रोहित सिंह (26) सोमवार सुबह स्कूटी से कैसरगंज में इंडोसिस बैंक में ज्वाॅइन करने के लिए गए थे। शाम को घर लौट रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार वाहन ने स्कूटी सवार रोहित को टक्कर मार दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक के साले सुखदेव सिंह ने बताया कि दो वर्ष पहले ही विवाह हुआ था। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
ट्रैक्टर-ट्राॅली की टक्कर से मां की मौत, बेटा गंभीर
फखरपुर थाना क्षेत्र निवासी एक महिला सोमवार देर रात बेटे के साथ बाइक से शादी समारोह से लौट रही थी। मां-बेटे को बहराइच - लखनऊ मार्ग पर गन्ना लदी ट्रैक्टर- ट्राॅली ने पीछे से टक्कर मार दी। मां की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
ग्राम पंचायत मोहम्मदपुर निवासी शांति देवी (60) छोटे बेटे परमेश कुमार शुक्ला (30) के साथ सोमवार शाम को कोतवाली देहात क्षेत्र में स्थित एक मैरिज लॉन गए थे। देर रात लगभग 12:30 बजे घर लौट रहे थे।
तभी बहराइच - लखनऊ मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राॅली ने पीछे से टक्कर मार दिया। शांति देवी की मौके पर ही मौत हो गई। परमेश को गंभीर चोट आई।आसपास के लोगो ने एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजवाया, जहां परमेश का इलाज चल रहा है।
बाइक की टक्कर से युवक ने दम तोड़ा
रामगांव थाना क्षेत्र ग्राम पंचायत लौकाना निवासी जनार्दन वर्मा (38) सोमवार शाम को बाजार गया था। सब्जी लेकर वापस घर लौट रहे थे। तभी तेज रफ्तार बाइक सवार ने पीछे से इनकी साइकिल में टक्कर मार दी। जिससे गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपास के लोगो ने एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजवाया, जहां युवक की मौत हो गई। मृतक के भतीजे संतोष वर्मा ने बताया कि उसके पांच बच्चे हैं। खेती करके पालन-पोषण करता था। वहीं पुलिस हादसा करने वाले वाहन का पता लगाने में जुटी है।