जरवल (बहराइच)। जरवलरोड के अलीनगर में घने कोहरे के कारण कार अनियंत्रित होकर खड्ड में पलट गई, जिससे दंपती व पुत्री घायल हो गए। उधर, बौंडी में वृद्ध को रोडवेज बस ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें सीएचसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।
बलरामपुर जिला निवासी शशिकांत सिंह (37) अपनी पत्नी रुकमणी सिंह (32) और बेटी आयुषि (8) के साथ कार से लखनऊ जा रहे थे। इस दौरान कार सवार लखनऊ-गोंडा मार्ग पर जरवलरोड थाना क्षेत्र के अलीनगर गांव के पास पास पहुंचे, तभी घना कोहरा होने के कारण शशिकांत सिंह कार से नियंत्रण खो बैठे, जिससे कार अनियंत्रित होकर खड्ड में पलट गई। हादसे में तीनों घायल हो गए। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को घर भेज दिया गया है।
वहीं, बौंडी थाना क्षेत्र के मजगवां निवासी जयजयराम (65) पुत्र जानकी प्रसाद कुंडासर स्थित बैंक से अपना काम निपटाकर वापस आ रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही रोडवेज बस ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने उन्हें सीएचसी पहुंचाया। यहां हालत गंभीर होने पर वृद्ध को मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया है।