बहराइच। मेडिकल कॉलेज में स्थापित अल्ट्रासाउंड मशीन लगभग 15 दिन से खराब पड़ी है, जिससे अस्पताल आने वाले मरीजों की जांच नहीं हो पा रही है। जांच कराने वाले मरीज मायूस होकर लौट जाते हैं या फिर बाहर निजी पैथोलॉजी मेें अल्ट्रासाउंड करवाने को विवश हैं। चूहों द्वारा मेडिकल कॉलेज में स्थापित अल्ट्रासाउंड मशीन का वायर काटने के कारण यह समस्या पैदा हुई है। सीएमएस ने शासन को पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी है।
मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल पुरुष में एक्सरे विभाग के निकट अल्ट्रासाउंड कक्ष है, जिसमें अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित की गई है। बहराइच जनपद के साथ मंडल के जिलों के मरीज भी अल्ट्रासाउंड व इलाज के लिए अस्पताल आते हैं, लेकिन मेडिकल कॉलेज में बीते 15 दिन से अल्ट्रासाउंड मशीन खराब पड़ी है, जिससे अस्पताल आने वाले मरीजों की अल्ट्रासाउंड जांच नहीं हो पा रही है।
अल्ट्रासाउंड जांच के लिए आने वाले मरीज मायूस होकर लौट जाते हैं या मजबूरी में बाहर से अधिक दामों पर अल्ट्रासाउंड जांच करवाने को मजबूर हैं। अस्पताल प्रशासन के मुताबिक अल्ट्रासाउंड मशीन के वायर को चूहों ने काट दिया है, जिससे मशीन संचालित नहीं हो पा रही है।
सीएमएस के मुताबिक वायर सही कराने का स्टीमेट शासन को भेजा गया है। बजट मिलते ही वायर को ठीक कराकर अल्ट्रासाउंड मशीन का संचालन शुरू कर दिया जाएगा। 15 दिनों से अल्ट्रासाउंड मशीन खराब होने के कारण मेडिकल कॉलेज आने वाले मरीज अल्ट्रासाउंड जांच कराने के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं।
प्रतिदिन लिखी जाती 20 जांच
मेडिकल कॉलेज की ओपीडी में प्रतिदिन पेट व अन्य बीमारियों से संबंधित करीब 100 मरीज पहुंचते हैं। इन मरीजों में मामूली बीमारियों के परीक्षण के बाद उनको दवाएं दी जाती हैं। जबकि गंभीर रोगियों को अल्ट्रासाउंड जांच के लिए भेजा जाता है। प्रतिदिन औसतन 20 से अधिक मरीज अल्ट्रासाउंड जांच के लिए भेजे जाते हैं।
90 हजार रुपये आएगा खर्च
सीएमएस डॉ. डीके सिंह ने बताया कि अल्ट्रासाउंड मशीन का निरीक्षण दो दिन पूर्व इंजीनियर ने किया है, जिस पर 67 हजार रुपये का खर्च आएगा। जबकि जीएसटी व अन्य मद में लगभग 23 हजार रुपये खर्च होंगे। कुल 90 हजार रुपये का बजट मिलने पर व्यवस्थाएं दुरुस्त हो सकेंगी।
बजट मिलते ही मशीन को कराया जाएगा दुरुस्त
मेडिकल कॉलेज में लगभग दो सप्ताह से अल्ट्रासाउंड मशीन का संचालन नहीं हो पा रहा है। इसकी लिखित जानकारी शासन को दी गई है। बजट मिलते ही वायर को दुरुस्त कराकर अल्ट्रासाउंड मशीन का संचालन शुरू करा दिया जाएगा। अस्पताल में इंजीनियर ने आकर अल्ट्रासाउंड मशीन की स्थिति देखी है।
- डॉ. डीके सिंह, सीएमएस