गर्भवती महिलाओं की होगी निशुल्क जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
महसी(बहराइच)। गर्भवती महिलाओं को अब प्रसव के दौरान अल्ट्रासाउंड जांच करने के लिए प्राइवेट अल्ट्रासाउंड केन्द्र पर चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। जिला चिकित्सालय से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महसी को अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध कराई गई थी। जिससे अब गर्भवती महिलाओं की जांच प्रारंभ होगी।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महसी में मरीजों की सुविधाओं के लिए पैथोलॉजी के साथ टीबी मरीजों के लिए सीबी नाॅट मशीन पहले से उपलब्ध थी। स्वास्थ्य परीक्षण के लिए एटीएम हेल्थ चेकअप मशीन भी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर उपलब्ध थी। लेकिन अल्ट्रासाउंड मशीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नहीं थी। पर अब अल्ट्रासाउंड मशीन आ जाने व संबंधित डॉक्टर के प्रशिक्षित हो जाने से अल्ट्रासाउंड कराया जा सकेगा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी मनु शर्मा ने बताया कि मंगलवार से महसी स्वास्थ्य केंद्र पर अल्ट्रासाउंड मशीन का संचालन प्रारंभ हो जाएगा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ रोमा सरकार द्वारा गर्भवती महिलाओं की जांच की जाएगी।