विशेश्वरगंज। गोंडा-बहराइच राजमार्ग पर उधरना सरहदी के पास मंगलवार देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार युवकों की मौत हो गई। मृतकों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने शवों को मर्च्युरी में रखवा दिया है।
मंगलवार शाम करीब सात बजे बहराइच की ओर से एक बाइक सवार गोंडा की तरफ जा रहा था। उधरना सरहदी के पास विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतकों की पहचान कराने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्रा ने बताया कि दोनों शवों को मर्च्युरी में रखवा दिया गया है। मृतकों के परिजनों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय दोनों बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।