बहराइच। अलग-अलग स्थानों पर रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में दो युवकों की मौत हो गई। एक युवक सड़क किनारे बेहोश होकर गिर पड़ा, जिसे अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। दूसरा युवक घर से कुछ दूरी पर पेड़ पर फंदे से लटका मिला। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
अकबरपुर बुजुर्ग नयापुरवा निवासी शफीक ने बताया कि वजीरगंज-जैता मार्ग पर नयापुरवा के पास रविवार दोपहर लगभग 25 वर्षीय अज्ञात युवक अचानक चक्कर खाकर गिर पड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने उसे तुरंत फखरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी में मौजूद चिकित्सकों ने युवक का परीक्षण कर उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
उधर, रामगांव क्षेत्र के रेहुआ मंसूर गांव निवासी श्याम नारायण के भाई राम नारायण (45) का शव रविवार सुबह घर से कुछ दूरी पर खेत में लगे पेड़ पर फंदे से लटकता मिला।खेतों में काम कर रहे लोगों ने पेड़ पर लटका शव देखकर शोर मचाया और परिजनों को सूचना दी।
आननफानन परिवारजन शव फंदे से उतारकर मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। रामगांव थानाध्यक्ष मदन लाल ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की जांच शुरू कर दी है, अभी मौत के कारणों का सही पता नहीं लग सका है।