बहराइच। फखरपुर थाना क्षेत्र में बहराइच-लखनऊ मुख्य मार्ग पर सोमवार की शाम एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी। आनन फानन में युवकों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां एक की मौत हो गयी। वहीं दूसरे का इलाज जारी है। दूसरी ओर रामगांव थाना क्षेत्र में साइकिल सवार को तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी जिससे उसकी मौत हो गयी।
बिहार निवासी मंगल प्रसाद (23) व पिंटू(20) पारले चीनी मिल में काम करते हैं। सोमवार को दोनों बाइक से किसी काम से कैसरगंज गए थे। जहां से वापस आते समय बहराइच-लखनऊ हाईवे पर परसेंडी के पास उनकी बाइक में एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रुप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनो को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजवाया जहां इलाज के दौरान पिंटू की मौत हो। वहीं मंगल प्रसाद का इलाज जारी है। चौकी प्रभारी विनय मिश्रा ने बताया कि युवक हेलमेट लगाए था लेकिन उसकी मौत शरीर में गंभीर चोट लगने से हुई है, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
वहीं रामगांव थाना क्षेत्र के झांसा निवासी सियाराम (45) सोमवार को किसी काम से रिसिया मोड़ गए थे। रात लगभग आठ बजे वह साइकिल से घर वापस हो रहे थे, इसी दौरान बहराइच-नानपारा मार्ग पर सोहरवा के पास एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में सियाराम की मौके पर ही मौत हो गयी। पोस्टमार्टम करवाने आए मृतक के भाई चेतराम ने बताया कि वाहन का पता नहीं चल पाया है। अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी जाएगी।