बहराइच। विगत 17 जून को लखनऊ स्थित केटीएल कंपनी के जीएम को अज्ञात युवकों ने महसी विधायक के नाम पर फर्जी काॅल कर अभद्रता करते हुए कार बनवाने के लिए धमकाया। जब जीएम ने विधायक से संपर्क किया तो उन्होंने ऐसे किसी भी कॉल से इन्कार कर दिया। विधायक ने 20 जून को एसपी से मिलकर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। सोमवार को पुलिस ने फर्जी काॅल करने वाले दो युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
एसपी वृंदा शुक्ला ने सोमवार को पुलिस कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान मामले की जानकारी दी। उनके अनुसार गत 17 जून को केटीएल लखनऊ के जीएम फैजुल रहमान ने महसी विधायक सुरेश्वर सिंह को फोन कर बताया था कि उनके नाम से एक व्यक्ति द्वारा किसी देशराज सोनकर की गाड़ी की मरम्मत करने के संबंध में अभद्रता व धमकी देते हुए बातचीत की गई। विधायक को उस नंबर की बातचीत की रिकाॅर्डिंग भेजी। जिसमें महसी विधायक के नाम व पद का दुरुपयोग किया गया था। विधायक की शिकायत पर कोतवाली नगर में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया था। खुलासे के लिए साइबर व कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम लगाई गई थी।
पुलिस ने सोमवार को रुपईडीहा के बाबागंज से हरदी शुक्लनपुरवा नत्थुपुरवा निवासी आदर्श शुक्ला, फखरपुर ब्राहिमडीहा निवासी मनोज गुप्ता को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि आदर्श मोतीपुर के गोसाईगांव निवासी देशराज सोनकर की कार मांगकर नवाबगंज गए थे। रास्ते में कार का अगला टायर फटने के कारण सांड़ से भिड़ते हुए सड़क किनारे लगे पोल से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई थी। वाहन मालिक ने आदर्श को कार की मरम्मत कराने के लिए बोला था। जिसपर उसने मनोज गुप्ता के मोबाइल से विधायक बन जीएम को धमकाया था। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोबाइल बरामद कर आरोपियों को जेल भेज दिया।