रुपईडीहा (बहराइच)। नेपाल सीमा पर स्थित कस्टम कार्यालय के सामने जाम के दौरान बाइक सवार दो महिलाओं को टैंकर ने टक्कर मार दी। जिससे एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
रुपईडीहा कस्बा स्थित नेपाल सीमा पर रुपईडीहा कस्टम कार्यालय के सामने गाड़ियों की चेकिंग की जाती है। चेकिंग के दौरान वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। शुक्रवार को भी यहां पर जाम की स्थिति बनी हुई थी।
इसी दौरान रुपईडीहा से नेपालगंज की ओर जा रहीं रामनगर कोहलपुर निवासी आशा सिंह भट्टाराई व जुनू थापलिया को टैंकर ने टक्कर मार दी। जिससे आशा सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, जुनू थापलिया गंभीर रूप से घायल हो गईं। प्रभारी निरीक्षक मनीष पांडेय ने बताया कि घायल महिला को सीएचसी में भर्ती कराया गया। यहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।