हुजूरपुर/खैरीघाट (बहराइच)। दो महिलाओं की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हुजूरपुर थाना क्षेत्र के सूसी गांव निवासी कुवांरा उर्फ सुनीता (28) की मंगलवार की रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतका के देवर अर्जुन ने बताया कि भाई और भाभी में देर रात किसी बात को लेकर कलह हो गई थी। जिसके बाद भाई छत पर सोने चले गए। देर रात जब नीचे कमरे में पहुंचे तो भाभी के मुंह से झाग निकल रहा था और उनकी मौत हो गई।
वहीं, मृतका के मायके गोंडा जिले के कटरा बाजार शिवगढ़ साकिन मोती सिंह मथुरा से आए पिता रामफेरे ने पुलिस को तहरीर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। बताया कि उन्होंने अपनी पुत्री का विवाह 10 साल पहले रामलखन से किया था। उनकी दो पुत्रियां हैं। आरोप लगाया कि देर रात दामाद, सास-ससुर ने बेटी के मुंह में कपड़ा ठूंसकर उनको मार दिया। पड़ोसियों ने बेटी के मौत की सूचना दी। हुजूरपुर थानाध्यक्ष अनिल मिश्रा का कहना है कि तहरीर मिली है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
खैरीघाट थाना क्षेत्र के अलीनगर कलां निवासी इशरत जहां (19) की मंगलवार को मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने घर में झाड़ू लगाने के दौरान युवती की करंट की चपेट में आने से मौत होने की बात बताई। वहीं, मृतका के मायके राजापुरवा नानपारा से आए भाई मोनू ने बताया कि अपनी बहन की शादी लगभग एक साल पहले अली हुसैन से की थी। बहन के पैर व गर्दन पर निशान हैं। पति सहित अन्य ससुरालियों ने मारपीट कर हत्या की है। खैरीघाट थानाध्यक्ष संजय सिंह का कहना है कि मृतका की मां ने पुत्री की मौत करंट लगने से होने की बात कही है। नायब तहसीलदार को भी यही बात बताई है। पीएम के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।