बहराइच। सांसद अक्षयवरलाल गोंड ने बुधवार को दिल्ली में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष से मुलाकात कर मैलानी-बहराइच प्रखंड पर ट्रेनों के संचालन की मांग की। इस पर बोर्ड अध्यक्ष ने लखनऊ की डीआरएम को फोन कर ट्रेन संचालन की बात कही। ऐसे में सांसद के प्रयास से एक मार्च से दो ट्रेनों के संचालन की हरी झंडी मिली है। इसको लेकर बिछिया व मिहींपुरवा क्षेत्र के लोगों ने खुशी जताई है।
बहराइच-मैलानी रेल प्रखंड पर पहले ट्रेन का संचालन होता था। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के विपरीत रेलवे ने बीते वर्ष 16 फरवरी से ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया। कई वाद दायर किये। जिसके बाद कोर्ट ने रेलवे से जवाब मांगते हुए ट्रेन का संचालन करने का निर्देश दिया। मगर मार्च 2020 से कोरोना संक्रमण का दौर शुरू हो गया। तब से ट्रेनों का संचालन बंद है। इससे ग्रामीण क्षेत्र के यात्रियों को परेशानी हो रही है। लोगों ने रेल मंत्री के साथ ही सांसद को कई बार पत्र भेजकर ट्रेनों के संचालन की मांग की।
इस पर सांसद अक्षयवरलाल गोंड ने बुधवार को दिल्ली में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष सुमित शर्मा से मुलाकात करके ट्रेनों के संचालन की मांग की। रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष ने लखनऊ की डीआरएम मोनिका अग्निहोत्री से वार्ता की। डीआरएम ने बहराइच-मैलानी प्रखंड पर एक मार्च से दो ट्रेनों का संचालन शुरू करने की बात कही।
‘अमर उजाला’ से बातचीत में सांसद ने बताया कि रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष ने ट्रेनों के संचालन को हरी झंडी दे दी है। उधर ट्रेनों के संचालन का समाचार मिलने पर मिहींपुरवा के बिछिया निवासी सरोज यादव, सरोज गुप्ता, अनिल शर्मा, दीपक भास्कर, रवि, विशाल आदि ने हर्ष जताया है। सभी ने कहा कि ट्रेनों का संचालन बंद होने से यात्रियों को परेशानी होती थी। मगर अब पुन: संचालन होने से समस्या दूर होगी।