बहराइच। मोतीपुर में नानपारा-लखीमपुर मार्ग पर साइकिल सवार व्यापारी को बाइक ने टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जबकि नानपारा में टोल प्लाजा के निकट साइकिल व बाइक सवार की टक्कर हो गई, जिसमें घायल साइकिल सवार ने जिला अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। घायल एक युवक को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।
नगर कोतवाली क्षेत्र के नाजिरपुरा मोहल्ला निवासी मिर्जा इब्राहीम (25) पुत्र मिर्जा नजीम बेग गुरुवार को नानपारा में आयोजित वैैवाहिक समारोह में शामिल होने के लिए बाइक से जा रहे थे। नानपारा-बहराइच मार्ग पर स्थित टोल प्लाजा के पास बाइक सवार मिर्जा इब्राहीम पहुंचा। तभी सामने से कोतवाली नानपारा के छोटा भुलौरा गांव निवासी जवाहर लाल (55) पुत्र राम मनोरथ साइकिल से आ गए। दोनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में साइकिल व बाइक सवार घायल हो गए।
प्रभारी निरीक्षक की सूचना पर चौकी इंचार्ज चंद्रपाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। लेकिन जवाहर की हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में जवाहर की मौत हो गई।
उधर, रुपईडीहा थाना क्षेत्र के ग्राम बालापुर निवासी मकबूल अहमद (55) पुत्र महबूब अली सूखी मिर्चा का व्यापार कर परिवार का खर्च चलाता था। बुधवार देर शाम वह साइकिल से मिर्चा लादकर रायबोझा बाजार जा रहे थे। नानपारा-लखीमपुर मार्ग पर लौकिहा गांव के निकट तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल में टक्कर मार दी, जिससे मकबूल अहमद की मौके पर ही मौत हो गई। घायल बाइक सवार का सीएचसी में इलाज चल रहा है।