हुजूूूरपुर (बहराइच)। रानीपुर थाना क्षेत्र के बहराइच-हुजूरपुर मार्ग पर सोमवार की देर शाम एक बाइक सवार को बचाने के चक्कर में दूसरी बाइक पैदल राहगीर को टक्कर मार दी। हादसे में राहगीर व बाइक सवार दो युवक गंभीर रुप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया। जहां राहगीर की मौत हो गई।
वहीं मटेरा थाना क्षेत्र स्थित धरसोती नाले के पास एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक सवार को रौंद दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गोंडा जिले के छपरतल्ला दुबहा बाजार निवासी प्रेमनाथ (24) व विजय कुमार (28) सोमवार को किसी कार्य से बहराइच आए थे। जहां से देर शाम घर वापस जा रहे थे। इसी दौरान बहराइच-हुजूरपुर मार्ग पर रानीपुर थाना क्षेत्र के कुट्टी पेट्रोल पंप के पास उनके सामने अचानक दूसरी बाइक आ गई।
जिसे बचाने के चक्कर में प्रेमनाथ ने बाइक का नियंत्रण खो दिया और पैदल घर जा रहे रानीपुर थाना क्षेत्र के जिगिनिया जसकरन निवासी साबिर (50) को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में राहगीर साबिर और बाइक सवार प्रेमनाथ व विजय गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना रानीपुर पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
जहां राहगीर साबिर की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, प्रेमनाथ व विजय का इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगाया था। थाना प्रभारी प्रेमनाथ ने बताया कि बाइक सवार भी घायल हैं। अभी मृतक के परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, रुपईडीहा थाना क्षेत्र के भगवानपुर कुर्मीयाना निवासी सुधांशु मिश्रा (22) सोमवार को बाइक से किसी कार्य से बहराइच गए थे। जहां से वापस घर जाते समय मटेरा थाना क्षेत्र में बहराइच-नानपारा राजमार्ग पर धरसोतिया नाले के पास उन्हें तेज रफ्तार रोडवेज ने रौंद दिया। जिससे मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
ग्रामीणों के मुताबिक युवक ने हेलमेट नहीं लगाया था, जिसके चलते उसका सिर बस के पहिए के नीचे आने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी मनोज कुमार ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों ओर से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
ब्रेक फेल होने से पलटी बस छह घायल
रूपईडीहा। नेपालगंज मेडिकल कॉलेज की एक बस सोमवार की रात शिविर के लिए कोहलपुर जा रही थी। इसी दौरान बैतड़ी की सीमा पर अनारखोली में बस का ब्रेक फेल होने से दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में छह लोग घायल हो गए। मेडिकल कॉलेज के स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. बिनोद महासेठ ने बताया कि बस में 24 लोग सवार थे। अस्पताल की समाजसेवी इकाई के उप प्रमुख अब्दुल हुसैन खान के मुताबिक घायलों को इलाज के लिए दादेलधुरा अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।