कैसरगंज के पवही के पास पलटी बस
- फोटो : अमर उजाला
अलग-अलग सड़क हादसों में रोडवेज बस चालक समेत दो की मौत हो गई। वहीं 16 लोग जख्मी हुए हैं। रोडवेज बस लखनऊ मार्ग पर पबही गांव के निकट अनियंत्रित होकर पलट गई। बस अनियंत्रित होने का कारण चालक को चक्कर आना बताया जा रहा है। वहीं नानपारा मार्ग पर शिवपुरा मोड़ के निकट ट्रैक्टर ट्रॉली पलटने से मजदूर की मौत हो गई। जबकि उस पर सवार अन्य लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया है।
बहराइच डिपो से कैसरबाग डिपो की बस संख्या 33 टी 8779 मंगलवार सुबह आठ बजे के आसपास बहराइच से रवाना हुई। बस जब लखनऊ-बहराइच मार्ग पर कैसरगंज थाना अंतर्गत पबही गांव के निकट पहुंची। तभी चालक कमरुद्दीन (43) पुत्र यूनुस लखपेड़ा बाग बाराबंकी को चक्कर आ गया।
इससे बस अनियंत्रित होकर पलटकर पेड़ के सहारे रुक गई। बस में सवार बहराइच निवासी रमेश कुमार, सूरज, गोविंद समेत 12 यात्री चोटहिल हो गए। इन सभी को हल्की फुल्की चोटें आईं। आनन-फानन में परिचालक ने एंबुलेंस बुलवाई। चालक व बस के घायल यात्रियों को सीएचसी कैसरगंज पहुंचाया।
यहां पर यात्रियों को उपचार के बाद घर भेज दिया गया जबकि चालक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। लेकिन जिला अस्पताल पहुंचते ही उसने दम तोड़ दिया। चिकित्सक हार्टअटैक की आशंका जता रहे हैं। उधर कोतवाली नानपारा अंतर्गत ग्राम सरैंया निवासी बलई ट्रैक्टर ट्रॉली मंगलवार सुबह लेकर नानपारा के लिए निकला।
नानपारा-बहराइच मार्ग पर शिवपुरा गांव के निकट ट्रैक्टर ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रैक्टर पर सवार मजदूर मालती (35) पुत्र मोहन की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि धीरज (22), सुकई (30), बलई (26), छंगू (21) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया है।